जलालाबाद।
कस्बे में चकबंदी प्रक्रिया के लिए शासन द्वारा गजट पास किए जाने से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
कस्बे में बरसों से लंबित पड़ी चकबंदी से क्षेत्र के किसान परेशान थे। शासन द्वारा चकबंदी प्रक्रिया को फिर से प्रारंभ करने के लिये विगत दिनों अधिसूचना जारी कर दी गई थी, लेकिन गजट पास ना होने के कारण किसानों में चकबंदी प्रक्रिया शुरू होने को लेकर संशय बना हुआ था। इसमें जलालाबाद देहात के प्रधान नजीर मलिक व पूर्व चेयरमैन जहीर मलिक तथा नरेश शर्मा, बाबूराम नायक आदि कई किसान चकबंदी प्रारंभ कराने को लेकर प्रयासरत थे। किसानों व गांव प्रधान का प्रयास रंग लाया। इसके चलते शासन द्वारा चकबंदी प्रक्रिया का गजट प्रकाशन करते हुए चकबंदी प्रक्रिया शुरू करा दी गई। पूर्व चेयरमैन जहीर मलिक ने बताया कि चकबंदी शुरू कराने के लिये गजट का प्रकाशन महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके बाद चकबंदी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी एवं इसमें कोई बाधा शेष नहीं रहेगी। चकबंदी विभाग अपना कार्य कुछ ही दिनों बाद प्रारंभ कर देगा। चकबंदी से छोटे व मझले किसानों की रास्तों नालों चकरोड आदि की समस्या खत्म हो जायेगी । जिससे किसानों में खुशी की लहर है ।