शामली। इनरव्हील क्लब विबग्योर की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ क्लब अध्यक्षा रीना जैन और स्कूल प्रधानाध्यापिका ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली स्कूल से शुरू होकर माजरा रोड, टंकी रोड, धीमानपुरा फाटक, शिवचौक, नाला पटरी, भिक्की मोड़ होते हुए स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। बच्चों ने हाथों में पोस्टर, बैनर व श्लोक लिखी तख्तियां लेकर जोर से नारे लगाते हुए लोगों को जागरुक करते हुए रैली को सफल बनाया। बेटियों ने भी अपनी आवाज बुलंद कर नारे लगाए। इनरव्हील क्लब की कार्यकर्ताओं ने लड़कियों को आने वाले कल को कैसे संवारे इस विषय पर चर्चा की। इस दौरान सचिव मोनिका, एकता, वैशाली गोयल, शालू, प्रियंका आदि मौजूद रहे।