संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ीदौलत में मकान का बैनामा करके 8.40 लाख हड़पने के बाद पीड़ितों को आरोपियों ने कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ पिला दिया। जिसमें मां की मौत हो गई तथा बेटी की हालत गंभीर है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने ग्राम प्रधान पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव गढ़ीदौलत निवासी इस्तकार पुत्र मंजूर ने गांव के ही मजाहिर का मकान 8.40 रुपये में खरीदा था। पीड़ित ने बताया कि कैराना तहसील में मकान मालिक को रुपये सौंप दिए थे। लिखापढ़ी में 15 सितंबर को मकान पर कब्जा मिलना था। आरोप है कि मकान मालिक ने 15 सितंबर को कब्जा देने से इनकार कर दिया। साथियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी। उससे तथा पत्नी से मारपीट भी की। उसने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस के प्रयास के बाद भी उन्हें मकान पर कब्जा नहीं मिला। वहीं, आरोपी ने रुपये भी वापस नहीं किए। इस्तकार बृहस्पतिवार को पत्नी फुरकाना और 15 वर्षीय पुत्री नबिया के साथ मजाहिर के मकान पर पहुंचे। वहां मजाहिर की पत्नी जहूरा, आबिद पुत्र शोखा, शफाकत पुत्र आबिद, प्रधान पति राशिद पुत्र फैयाज मौजूद थे। उन्होंने कोल्ड ड्रिंक पिलाई। उसने बीमार होने की वजह से कोल्ड ड्रिंक पीने से इनकार कर दिया था। उसकी पत्नी व बेटी ने कोल्ड ड्रिंक पी तो उनकी तबियत बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं।
परिजनों ने मां-बेटी को गंभीर हालत में कस्बे के सीएचसी में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान महिला फुरकाना की मौत हो गई। चिकित्सकों ने नबिया को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एसपी अभिषेक और सीओ कैराना अमरदीप मौर्य ने परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। वहीं, इस्तकार ने मजाहिर व उसकी पत्नी जहूरा, आबिद, शफाकत और प्रधान पति राशिद व एक अन्य के खिलाफ पत्नी और बेटी को जहर देने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, एसपी अभिषेक का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।