कैराना और कांधला में गिरे चार मकान
कैराना/कांधला। बरसात के बाद निकली तेज धूप के बाद जिले में चार और मकान गिर गए। पीड़ितों ने कार्रवाई की मांग की है।
कैराना के मोहल्ला आलकलां निवासी विधवा समरजहां पत्नी यूनुस मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। तीन दिन पूर्व भारी बारिश के कारण उसके मकान की कड़ियों की छत ने पानी सोख लिया। मंगलवार को तेज धूप निकलने के कारण विधवा समरजहां के मकान की छत चटक गई, जिसके बाद कई कड़ियां टूट गई और छत का मलबा नीचे गिर पड़ा। इस दौरान घर में मौजूद परिवार बाल-बाल बच गया। महिला के मकान में की दीवारों में भी दरारें आई हुई है, जिसके चलते उनके भी गिरने का अंदेशा बना हुआ है। पीड़िता ने एसड़ीएम से मुआवजा दिलाए जाने की गुहार लगाई है। उधर, कांधला के गांव भभीसा निवासी रामदिया दलित मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। बारिश के बाद उसके मकान की दीवारों व छत में दरारें आ गई थी। सोमवार शाम मकान की दीवार के साथ ही छत गिरने पर घर के अंदर रखा सभी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित ने अपने परिवार के लोगों के साथ मकान से भागकर अपनी जान बचाई। दूसरी ओर, थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी विधवा महिला अनवरी व आबिद का मकान सोमवार शाम गिर गया। इसके कारण उनके घरों का समान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।