नलकूप किसान करा लें पंजीकरण
शामली। जिले के प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुुर्थ विद्युत वितरण खंड है। इनमें एक लाख 98,509 ग्रामीण उपभोक्ता व 47, 672 शहरी उपभोक्ता हैं। इसके अलावा जिले में 32 हजार नलकूप उपभोक्ता हैं। जिले के आठ हजार नलकूप उपभोक्ताओं को नियमित बिजली बिल प्राप्त होरहा है। जिले के 24,300 उपभोक्ताओं पर 110 करोड़ रुपये बकाया है। पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने पुराने बकाया को समाप्त करने के लिए अंतिम समाधान भविष्य आसान योजना लागू कर दी है। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने बताया कि पुराने बकाया को समाप्त करने के लिए अंतिम समाधान भविष्य आसान योजना लागू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत निजी नलकूप उपभोक्ता जिन पर 31 मार्च 2018 तक बिल बकाया है, वह 30 जून तक एक हजार रुपये तक का पंजीकरण करा लें। पंजीकरण कराने वाले नलकूप उपभोक्ताओं को अप्रैल 2017 से मार्च 2018 की अवधि में बिल राशि पर लगे सरचार्ज को पूर्ण रूप से शत प्रतिशत माफ किया जाएगा। विद्युत उपभोक्ता समाधान योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए 30 जून तक अपना पंजीकरण करा लें।