मामौर झील पर बनेगा बटर फ्लाई पार्क, खुदाई शुरू
कैराना। निर्मल हिंडन कार्यक्रम के तहत मामौर झील के सुंदरीकरण एवं स्वच्छता के लिए प्रशासनिक टीम ने गांव सभा की भूमि पर खुदाई का काम कराया।
करीब एक माह पूर्व डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने हिंडन कार्यक्रम के तहत मामौर झील को गंदे पानी से मुक्ति दिलाने के लिए कायाकल्प के प्रयास किए थे। इसके चलते झील किनारे बटर फ्लाई बायोडाईवर सिटी पार्क बनाए जाने की घोषणा की गई थी। इसके मद्देनजर पर्यावरण संरक्षण के लिए जनता ने हाथ आगे बढ़ाए। नगर पालिका कैराना, ग्राम सभा मामौर, गन्ना विचार मंच एक साथ आए। जनता की सहभागिता के चलते बुधवार को एसडीएम कैराना दुष्यंत कुमार मौर्य, तहसीलदार राकेश त्यागी, बीडीओ गोपाल कृष्ण चौधरी, एडीओ सत्यपाल सिंह ने तकनीकी सहायक प्रदीप कुमार तथा निर्मल हिंडन कार्यक्रम के समन्वयक उमर सैफ के साथ मामौर झील पर पहुंच कर उक्त पार्क के निर्माण कार्य के लिए खुदाई का कार्य शुरू कराया। सभी ने पहले फावड़ों से शुरुआत की। इसके बाद जेसीबी मशीन से खुदाई की प्रक्रिया चली। सहायक अभियंता दिनेश सिंघल द्वारा तकनीकी स्वीकृति कराई गई।