शामली। स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत यूपी 85 एनसीसी बटालियन के तत्वावधान में कैडेट्स ने सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। बुधवार को कैडेट्स ने शहर के ब्लाक रोड स्थित महाराजा सैनी चौक और उसके आसपास फैली गंदगी की सफाई की। कैप्टन केपी सिंह ने कैडेट्स को कहा कि सफाई का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। अगर सभी अपने आसपास सफाई का ध्यान रखेंगे तो बीमारी से छुटकारा मिलेगा। सभी को अपने कॉलेज, गली मोहल्ले के साथ ही घर पर सफाई रखते हुए समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कैडेट्स ने सफाई करने के बाद आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।