69 बकायेदारों के कनेक्शन काटे, आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कैराना। बिजली चोरी, बड़े बकायेदारों के खिलाफ विद्युत निगम और विजिलेंस की टीम ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाते हुए 69 बकायेदारों के कनेक्शन काटे।
विद्युत निगम की ओर से बिजली चोरों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए दो टीमों का गठन किया गया। एक टीम एसडीओ अतुल यादव के नेतृत्व में तीतरवाड़ा चुंगी तथा दूसरी टीम एसडीओ खेड़ी करमू जीडी प्रजापति के नेतृत्व में गठित की गई। एसडीओ अतुल यादव ने बताया कि लाइन लॉस की समस्या को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बिजली चोरी करने वाले, पांच हजार से ऊपर के बकायेदारों व कम क्षमता के विद्युत कनेक्शनों पर ज्यादा लोड चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान दोनों स्थानों पर 11 लाख रुपये के 69 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। इसके साथ ही करीब डेढ़ लाख रुपये का बकाया बिल जमा किया गया। आठ बिजली चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दो उपभोक्ता बकाया पर कनेक्शन कटने के बाद भी बिजली चलाते मिले।