दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म का केस दर्ज
झिंझाना। दिल्ली निवासी विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और देवर पर दुराचार का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। बुधवार को थाने पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि उसकी शादी एक साल पूर्व झिंझाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। आरोप था कि शादी में पिता ने अच्छा खासा दान दहेज दिया लेकिन ससुराल वाले फिर भी रुपयों की मांग कर रहे थे। उसके परिजनों ने असमर्थता जता दी तो आरोप है कि उसके रिश्ते के देवर ने उस पर रौब गालिब किया। वो खुद को नेता बताता है। आरोप है कि देवर ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुराचार किया। महिला का आरोप था कि बताने पर भी पति और ससुराल वालों ने उसका साथ नहीं दिया। पति ने भी चुप रहने को नसीहत दी। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि पति सहित सात आरोपियो पर केस दर्ज कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला केवल दहेज उत्पीड़न का लग रह है लेकिन तहरीर के आधार पर सभी धाराएं लगाकर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।