प्रशासन ने सोनी के परिजनों को दो बीघा कृषि भूमि दी
कांधला (शामली)।
प्रशासन ने मृत सोनी के परिजनों के गांव में दो बीघा पट्टे की जमीन देकर कब्जा दिला दिया।
13 दिसंबर 2017 को गांव ग़ढीश्याम निवासी 16 वर्षीय छात्रा सोनी कश्यप पुत्री वीरसैन सिंह कश्यप की कॉलेज से लौटते समय हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने गांव के ही अमरपाल सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। प्रदेश में सोनी की हत्या को लेकर आंदोलन कर आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की गई थी। मामले में प्रदेश सरकार के द्वारा छात्रा के परिजनों के पांच लाख रुपये का चेक देकर आर्थिक मदद की गई थी। सोनी हत्याकांड को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पूर्व राज्य सुधाकर सिंह कश्यप के नेतृत्व में पांच सदस्य जांच दल गांव में जांच के लिए भेजा था। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये का चेक आर्थिक मदद के लिए दिया था। सोनी हत्याकांड को लेकर पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह कश्यप ने राज्यपाल रामनाइक को ज्ञापन देकर परिवार को कृषि भूमि व सुरक्षा के साथ न्याय दिलाने की मांग की थी। शनिवार को शासनादेश पर राजस्व विभाग से लेखपाल यूसुफ, सूर्यदेव सिंह राजस्व निरीक्षक सोहनपाल सिंह भारी पुलिस बल को साथ लेकर सोनी के परिजनों को कृषि भूमि दो बीघा पट्टा की जमीन पर कब्जे की कार्रवाई को पूरा कराने के लिए पहुंची। टीम ने परिजनों के साथ ग्राम समाज की भूमि पर ट्रैक्टर की मदद से समतल कर दो बीघा कृषि भूमि को चिह्नित करते हुए परिवार को मौके पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई को पूरा किया। टीम के द्वारा कानूनी कार्रवाई को पूरा करने के बाद रिपोर्ट को शासन को भेज दी गई है। मामले में पूर्व राज्यमंत्री सुधाकर सिंह कश्यप का कहना है कि प्रशासन ने परिवार को दो बीघा भूमि दी है वो कम है। प्रशासनिक स्तर पर भी साढ़े तीन बीघा भूमि देने का प्रावधान है।