ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दंपति घायल
शामली।
शहर में ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दंपति घायल हो गया। कांधला थानाक्षेत्र के गांव भभीसा निवासी अशोक शर्मा अपनी पत्नी के साथ किसी काम से शामली आए हुए थे। झिंझाना रोड पर करनाल की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक असंतुलित होकर गिर गई, जिससे महिला के सिर में गंभीर चोट लगी। राहगीरों की मदद से दोनों को सरकारी अस्पताल भिजवाया गया, जबकि ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उधर, महिला की हालत गंभीर होने के कारण परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष और आरोपी ट्रक चालक के परिजनों के बीच आपस में समझौते की वार्ता चल रही है। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।