थानाभवन। कस्बे के पचास हजार की आबादी को आने वाली गर्मियों में पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। नगर पंचायत ने कस्बे में गर्मियों के मद्देनजर एक नया नलकूप लगाने की तैयारी की है। मंगलवार को मोहल्ला रेत्ती सराय में इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके लिए फिलहाल नगर पंचायत ने 14 लाख के बजट का आकलन तैयार किया है। करीब एक माह में नलकूप बनकर तैैयार हो जाएगा। इससे नगर पंचायत क्षेत्र को हर दिन करीब 21 लाख लीटर पानी अधिक मिलेगा। तैयार होने के बाद नलकूप की सप्लाई को कस्बे की मैन लाइन में जोड़ दिया जाएगा। उधर, अधिशासी अधिकारी रवि यादव ने बताया कि गर्मियों के दौरान लोगों को पानी की किल्लत से न जूझना पड़े, इसके लिए नए नलकूप का निर्माण कराया जा रहा है। आज से काम शुरू हो जाएगा। शीघ्र नलकूप को तैयार कर चालू कर दिया जाएगा।