कांधला। कस्बे में बुधवार को साप्ताहिक बंदी का कोई असर नजर नहीं आया। कुछ दुकानों को छोड़कर अधिकांश बाजार खुले रहे।
प्रशासन की ओर से कस्बे में बुधवार को साप्ताहिक बंदी का दिन निर्धारित किया गया है। एसडीएम कैराना डॉक्टर अमित पाल शर्मा ने दो सप्ताह पूर्व कस्बे में साप्ताहिक बंदी के दिन दुकानें खोलने वाले करीब छह से अधिक दुकानदारों के चालान किए थे। उसके बाद भी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को खोलना शुरू कर दिया है। बुुधवार को कस्बे में कुछ दुकानें बंद रही लेकिन अधिकांश व्यापारियों ने अपनी दुकानों को खोले रखा। श्रम विभाग के अधिकारी भी निरीक्षण को नहीं पहुंचे इस वजह से साप्ताहिक बंदी का सख्ती से पालन नहीं हो पा रहा है। तहसीलदार कैराना रणवीर सिंह का कहना है कि साप्ताहिक बंदी के दिन दुकान खोलने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। श्रम विभाग के अधिकारियों को इसके लिए कहा जाएगा।