हादसे में बाइक सवार फौजी घायल
कांधला।
दिल्ली- सहारनपुर हाईवे पर गांव नाला रेलवे फाटक के पास रोडवेज बस चालक ने बाइक सवार फौजी को टक्कर मार दी। फौजी गंभीर रूप से घायल हो गया।
कस्बा एलम के मोहल्ला गांधी नगर निवासी विकास पंवार सेना में कार्यरत है। करीब एक सप्ताह से वह छुट्टी पर अपने घर आया है। सोमवार शाम विकास बाइक से कस्बा एलम के बस स्टैंड पर जा रहा था। जब वह गांव नाला रेलवे फाटक से दिल्ली सहारनपुर हाईवे पार कर रहा था, तो बड़ौत की तरफ से आए बस चालक ने उसे टक्कर मार दी। विकास पंवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने पीछा किया, लेकिन आरोपी चालक बस लेकर शामली की तरफ तेजी से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घायल विकास को चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां से गंभीर हालत के चलते विकास को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। घटना के संबंध में अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।