हिंदू जागरण मंच ने निकाली अखंड भारत संकल्प यात्रा
शामली। हिंदू जागरण मंच की तरफ से मंगलवार को शामली में अखंड भारत संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान वंदेमातरम् और जय श्रीराम का जयघोष गूंजा।
हिंदू जागरण मंच जिलाध्यक्ष संजीव चौहान ने बताया कि खंडित हुए देश को फिर से पुराना अस्तित्व दिलाने के लिए अखंड भारत संकल्प यात्रा निकालने का निर्णय संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देश पर लिया गया था। इसी के चलते मंगलवार को शामली में हनुमान धाम से अखंड भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय संगठन मंत्री गोपाल जी और प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश सहित आठ देश पूर्व में हिंदुस्तान का हिस्सा होते थे, लेकिन कालांतर में हिंदुस्तान के कई हिस्से में बांटकर अलग देश बन गए। इसीलिए अखंड भारत का बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में प्रत्येक देशवासी और हिंदुओं को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। इस दौरान भाजपा के शामली से विधायक तेजेंद्र निर्वाल और अजय संगल ने भी विचार रखे। संकल्प यात्रा हनुमान धाम से शुरू होने के बाद वीवी इंटर कॉलेज रोड, फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, अजुध्या चौक, बड़ा बाजार, गांधी चौक से सुभाष चौक, रेलवे रोड मंडी से नेहरू मार्केट और मिल रोड से होते हुए वापस हनुमान धाम पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजीव चौहान, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार, जिला मंत्री संदीप वशिष्ठ, जिला संपर्क प्रमुख राजेंद्र जी, शामली नगराध्यक्ष संजीव काकानगर, युवा वाहिनी नगराध्यक्ष हर्षित वर्मा, अजय संगल, नीरज भारद्वाज, अनुज, रोहित, वीरांगना वाहिनी से रेखा संगल, मीनाक्षी, शशि अरोरा, भावना सैनी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।