कृष्णा नदी में डूबने से किशोरी की मौत
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव मतवानली निवासी अमरपाल पत्नी मिथलेश व बेटी काजल 15 वर्ष के साथ शनिवार दोपहर पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर गए थे। परिजनों के अनुसार अमरपाल के खेत कृष्णा नदी के किनारे पर है। बारिश के बाद से कृष्णा नदी में पानी अधिक आया है। जब तीनों लोग पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रहे थे तो नदी के किनारे आने पर काजल का पैर फिसलने पर वह नदी में जा गिरी । पिता के शोर मचाने पर ग्रामीण व आस पास खेतों पर काम रहे लोग नदी की ओर दौड़ पडे़। गांव के लोगों ने काजल को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद उसे नदी से बाहर निकालकर गांव में एक निजी चिकित्सक के यहां पर उपचार के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सक ने काजल को मृत घोषित कर दिया।