कैराना। ईद-उल-फितर के त्योहार और नमाज को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पुरी तरह अलर्ट है। शुक्रवार को एसपी देवरंजन वर्मा कोतवाली पहुंचे और उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। एसपी ने कहा कि तमाम पुलिसकर्मियों को नमाज के दौरान अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहना है। यदि इसमें लापरवाही बरती गई, तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में घटना होने पर मॉनिटर्स और हल्का इंचार्ज जरूर मौके पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस को लॉ एंड ऑर्डर पर काम करना है। एसपी ने मौके पर मौजूद फरियादियों से जन शिकायत अधिकारियों के रवैये के बारे में जानकारी ली। साथ ही जन शिकायत अधिकारियों के रजिस्टरों की जांच की गई। उधर, तहसील के सभागार कक्ष में एसडीएम अरविंद कुमार सिंह ने लेखपाल और अमीनों की बैठक ली। उन्होंने क्षेत्र में तमाम गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार रनबीर सिंह, नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।