कांधला (शामली)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं कठिनाईयों को डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया। डाक्टर वंदना भारद्वाज ने कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी सिर्फ प्यार व दुलार की मूर्ति ही नहीं बल्कि दुर्गा और काली का स्वरूप भी है। इस मौके पर प्राचार्य सत्येंद्र प्रसाद ने समाज में महिलाओं की भूमिका को विस्तार से बताया। चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा गुलशन ने कहा कि एक शिक्षित नारी पूरी पीढ़ी को शिक्षित बना देती है। विभिन्न छात्राओं ने नारी की महिमा पर कविता पाठ भी किया। इस दौरान डाक्टर दीप्ति चौधरी, माधुरी पाल, डाक्टर संगीता तोमर, विशाल कुमार, बृजेश राठी और डाक्टर चंदन आदि मौजूद रहे।