अब शस्य विज्ञान की परीक्षा 10 मार्च को होगी
शामली।
यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट कृषि वर्ग की शस्य विज्ञान की परीक्षा 10 मार्च को होगी। देशभक्त इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
कार्यवाहक जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट कृषि वर्ग में भाग-2 की शस्य विज्ञान विषय की परीक्षा 10 फरवरी को हुई थी। परीक्षा के दिन किसी जनपद में अन्य परीक्षा के चलते भूल से शस्य विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र खुल गया था, जिसके बाद बोर्ड ने परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने परीक्षा की तिथि फिर से घोषित कर दी है, जिसके चलते 10 मार्च को द्वितीय पाली में परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। जनपद में सात कॉलेजों में कृषि वर्ग की पढ़ाई कराई जाती है। सभी कॉलेजों में मिलाकर 355 परीक्षार्थी हैं। डीआईओएस ने बताया कि जिला परीक्षा समिति द्वारा परीक्षा के लिए शामली में दिल्ली रोड स्थित देशभक्त इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पंजीकृत 355 परीक्षार्थियों की परीक्षा एक ही केंद्र पर होगी। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को अपने कॉलेज के परीक्षार्थियों को समय रहते परीक्षा की तिथि व समय की लिखित सूचना देने के निर्देश दिए हैं।