शामली।
मेरठ रोड पर गांव झाल के पास वाहन से टक्कर लगने पर साइकिल सवार युवक की मौत हो गई।
हादसा बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ। गांव झाल निवासी नसीम (19) किसी कार्य से शामली आया था। शामली से वह साइकिल से गांव लौट रहा था। जब वह मेरठ करनाल हाईवे पर गांव झाल गेट के पास पहुंचा तो सड़क पार करते समय वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गया और वाहन के पहिये के नीचे कुचल गया। हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। राहगीरों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई, जिसके बाद सूचना मिलने पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को शामली सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर झाल गांव से नसीम के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया। मामले में अज्ञात वाहन चालक के तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।