शामली। बृहस्पतिवार को भी जिले से बड़ी संख्या में शिवभक्त निकले। अब तक जिले से पांच लाख 10 हजार कांवड़िये हरियाणा, राजस्थान के लिए जा चुके हैं। बृहस्पतिवार को भी दिनभर डाक कांवड़ियों का अपने घरों की तरफ जाना लगा रहा।
नगर पालिका को शहर के विभिन्न स्थानों से होकर जाने वाले कांवड़ियों की गिनती की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 22 जुलाई से नगर पालिका के कर्मचारी कांवड़ियों की विभिन्न स्थानों पर बैठकर गिनती कर रहे हैं। ईओ के अनुसार बृहस्पतिवार शाम 4 बजे तक 5.10 लाख शिवभक्त शामली के अलावा हरियाणा के पानीपत, सोनीपत, हिसार, भिवानी, सिरसा, रोहतक, बहादुरगढ़, राजस्थान के विभिन्न शहरों की तरफ जा चुके हैं। रात तक संख्या साढ़े पांच लाख तक पहुंचने की संभावना है।
-एसपी और डीएम ने लिया जायजा
कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने को पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट है। डीएम रविंद्र सिंह और एसपी रामसेवक गौतम ने कांवड़ मार्गों का जायजा लिया। वहीं कई शिवभक्तों से बात कर किसी तरह की समस्या होने या फिर नहीं होने के बारे में जानकारी हासिल की।