कांधला। नामचीन पेय पदार्थ की कंपनी का डीलर बनाए जाने के नाम पर शातिर ठगों ने व्यापारी से चार लाख 60 हजार रुपये ठग लिए है। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर ठगों के विरुद्ध मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर निवासी अंकुर जैन ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि एक व्यक्ति का फोन आया था, जो अपने आपको एक नामी पेय पदार्थ कंपनी का अधिकारी बताते हुए डीलर शिप देने की बात कहने लगा। व्हाट्सएप पर एग्रीमेंट फार्म जमा कर रजिस्ट्रेशन फीस 69500 रुपये कंपनी के खाते में जमा कराने के लिए कहा। पीड़ित ने कंपनी के खाते में पैसे को जमा करा दिया। इसके बाद एक अलग नंबर से शातिर ठग का फोन आया और उसने 4 लाख 60 हजार रुपये अमानत के तौर पर जमा करने के लिए कहा था। व्यापारी ने पैसे को भी कंपनी के खाते में जमा करा दिया। व्यापारी अकुंश जैन के मुताबिक कुछ दिन बाद व्यक्ति ने फिर से माल की रकम जमा करने के लिए कहा तो व्यापारी को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हो गया। पीड़ित ने कई व्यापारियों के साथ थाने जाकर ठगों के विरुद्ध तहरीर देकर मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस ठगों की खोजबीन में जुट गई है।