कैराना में बीज की दुकान पर जांच करते उप कृषि निदेशक डॉ. शिव कुमार केसरी।
- फोटो : SHAMLI
शामली/कैराना। शासन के आदेश पर कृषि विभाग की तीन टीमों ने जनपद की तीनों तहसील में 42 बीज की दुकानों पर छापा मारा और जांच करने के साथ 19 बीज के नमूने जांच के लिए भेजे।
डीएम जसजीत कौर ने मंगलवार को शामली, कैराना व ऊन तहसील के लिए कृषि विभाग की तीन टीमों का गठन किया। कैराना तहसील में उपकृषि निदेशक डॉ. शिव कुमार केसरी के नेतृत्व में बीज की दुकानों पर छापा मारा। कैराना में बीज की 8 दुकानों पर जांच की गई और गेहूं के बीज के दो नमूने व एक नमूना मटर के बीज का लिया, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। एसडीओ कृषि अमित कुमार के नेतृत्व में शामली तहसील क्षेत्र में बीज की दुकानों पर जांच की गई। ऊन तहसील क्षेत्र में जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने जांच की। उप कृषि निदेशक डॉ. शिव कुमार केसरी ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद में तीन टीमों ने 42 दुकानों की जांच करने के साथ ही 19 बीज के नमूने जांच को लिए हैं। बीज के नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।