शिक्षामित्रों के विकल्प पत्र भरने का आज अंतिम दिन
शामली। शिक्षा विभाग के द्वारा शिक्षामित्रों को उनके मूल स्थान भेजने की पूरी तैयारी चल रही है। बीएसए ने जनपद के सभी शिक्षामित्रों को बृहस्पतिवार तक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अपना विकल्प पत्र भरकर जमा करने के निर्देश दिए है। बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा ने बताया कि शासन की ओर से शिक्षामित्रों को उनके मूलस्थान भेजने के निर्देश आए हैं। इसके चलते विभाग द्वारा पूरी तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस विषय में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से अपने-अपने ब्लाक के शिक्षामित्रों से विकल्प पत्र भरवाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया पांच अगस्त तक पूरी होनी है। इसके चलते उन्होंने सभी शिक्षामित्रों से बृहस्पतिवार दोपहर 2 बजे तक अपने अपने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से विकल्प पत्र प्राप्त करते हुए भरकर कार्यालय में जमा करा दें। इसके बाद किसी भी शिक्षामित्र का विकल्प पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।