शामली।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपकर जनसंख्या नियंत्रण पर कानून लाने की मांग की है।
बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र अमेरिका की जनसंख्या ब्यूरो ने विश्व की जनसंख्या के ताजे आंकड़े जारी किए हैं, जिसमें भारत लगभग 135 करोड़ के साथ दूसरे स्थान पर है। यदि देश में इसी रफ्तार से जनसंख्या बढ़ी, तो चीन को पछाड़कर जल्दी ही देश की जनसंख्या सर्वाधिक हो जाएगी। जनसंख्या में हो रही बढ़ोत्तरी के कारण ही देश में बेरोजगारी, भुखमरी, आतंकवाद, नक्सलवाद और अपराध बढ़ रहा है। इस कारण देश में तमाम समस्याएं भी बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री से मांग की गई है कि देश के हर नागरिक और आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाया जाए। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के जिला मंत्री संदीप वशिष्ठ, जिलाध्यक्ष संजीव चौहान, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार, संजीव काकानगर, हर्षित वर्मा आदि मौजूद रहे।