कांधला।
थाना परिसर में समाधान दिवस में आई दो शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर निस्तारण कर दिया। एक शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई करने के आदेश हुए है।
शनिवार को कांधला थाने पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसीलदार अभयराज पांडेय को क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी अलखाक हुसैन और नजर मेहंदी ने शिकायत पत्र देकर बताया कि वह दोनों भाई नेत्रहीन है। आरोप है कि पड़ोस के ही मौलाना हुसैन हैदर ने अपने परिवार के साथ मिलकर उनके घर के बाहर सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है। वहीं, क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी हम्माद सहित कई ग्रामीणों ने शिकायत कर बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने सरकारी हैंडपंप पर कब्जा कर दीवार कर ली है। इसके अलावा कस्बे के मोहल्ला मोलानान निवासी फैसल बेग ने मोहल्ला खैल में विवादित प्लाट में गंदगी जमा होने की शिकायत दर्ज कराई। तहसीलदार अभयराज पांडेय ने दो शिकायतों का मौके पर ही लेखपाल और पुलिस बल भेजकर निस्तारण कराया। जबकि कस्बे की शिकायत की जांच अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्रा को देकर कार्रवाई करने को कहा गया है। उधर, कोतवाली शामली में समाधान दिवस में शनिवार को दो शिकायतें आई। एक शिकायत बरला जट गांव में जमीन के विवाद संबंधी आई। उस पर हल्का लेखपाल को जांच करने का निर्देश दिया गया। वहीं, दूसरी शिकायत शहर में ट्रैफिक जाम को लेकर की गई।