कांधला। ऑनलाइन मार्केटिंग साइट से फ्रिज बेचने के नाम पर एक युवक से 40 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। रुपये जमा कराने के बावजूद युवक को फ्रिज नहीं मिला। उसने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कस्बे के मोहल्ला इदरीश बेग बिहार कालोनी निवासी युवक जावेद ने 22 जुलाई को एक मार्केटिंग वेबसाइट पर फ्रिज का विज्ञापन देखा था। युवक ने विज्ञापन में दर्ज नंबर पर बात की तो उसने अपना नाम प्रशांत बताते हुए खुद को सेना का जवान बताया। दोनों के बीच फ्रिज खरीदने की बात हुई तो प्रशांत ने युवक को आठ हजार रुपये खाते में डालने को कहा। जावेद ने रुपये प्रशांत के खाते में जमा करा दिए। आरोप है कि बाद में प्रशांत ने उसे दो किश्तों में रुपये जमा करने को कहा तथा भरोसा दिलाया कि उसने पहले जो रुपये जमा किए हैं वे उसे वापस कर दिए जाएंगे तथा फ्रिज की डिलीवरी भी कर दी जाएगी। इस तरह जावेद ने उसके झांसे में आकर लगभग चालीस हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बावजूद उसे फ्रिज नहीं मिला। पीड़ित ने मंगलवार को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।