असम-त्रिपुरा के 38 जमाती बस से रवाना हुए
झिंझाना। कस्बा झिंझाना और देहात क्षेत्र में पिछले दो माह से आए असम और त्रिपुरा के 38 जमातियों को जिला प्रशासन की अनुमति मिलने पर बस से उनके गृह जनपदों के लिए रवाना किया गया। सोमवार दोपहर को कस्बा झिंझाना के मोहल्ला तलाही में स्थित मदरसा नूरिया से बस जमातियों को लेकर रवाना हुई। ये जमाती अब अपने घर पहुंचकर अपने बच्चों और परिवार के साथ ईद मना सकेंगे। बस को झिंझाना चेयरमैन नौशाद कुरैशी और मदरसा नूरिया के कारी वकीलर्ररहमान आदि मौलाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन जमातियों में त्रिपुरा के 14 और असम के 24 जमाती 20 मार्च में झिंझाना व देहात क्षेत्र में पहुंचे थे। इनमें कई जमाती कोरोना संक्रमित मिले थे, जो उपचार के बाद ठीक हो गए थे। ठीक होने के बाद 28 दिन क्चारंटीन में रखा गया था। झिंझाना नगर पंचायत चेयरमैन नौशाद कुरैशी के अनुरोध पर ईद को मनाने के लिए जिला प्रशासन ने इन जमातियों को गृह राज्य और जनपदों में भेजने की अनुमति दी थी। रवाना होने से पहले जमाती इस बात को लेकर बहुत खुश थे कि वे अपने परिवार के साथ ईद की खुशी मनाएंगे।