हाईस्कूल गणित की 508 विद्यार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। यूपी बोर्ड की चल रही परीक्षा में शनिवार को हाईस्कूल की गणित और प्रारंभिक गणित की परीक्षा 508 विद्यार्थियों ने छोड़ी है।
शनिवार को पहली पाली में सुबह आठ बजे से सवा 11 बजे तक यूपी बोर्ड की हाईस्कूल गणित और प्रारंभिक गणित की परीक्षा हुई। उत्तर पुस्तिका संकलन केंद्र प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा में कुल पंजीकृत 8119 विद्यार्थियों में से 7709 विद्यार्थी सम्मलित हुए, जबकि 410 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल प्रारंभिक गणित की परीक्षा में कुल पंजीकृत 1095 में से 1017 ने परीक्षा दी, जबकि 98 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसी पाली में इंटर की कामर्स वर्ग की व्यापारिक संगठन एवं पत्र व्यवहार की परीक्षा हुई। परीक्षा में 1126 में से 1087 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 39 विद्यार्थी परीक्षा में गैरहाजिर रहे। कृषि की भौतिकीय एवं जलवायु विज्ञान परिवर्तन भाग एक की परीक्षा में कुल पंजीकृत 548 में से 518 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 30 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। कृषि जंतु विज्ञान भाग दो की परीक्षा में कुल पंजीकृत 271 में से 269 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मलित हुए जबकि दो विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। संकलन केंद्र प्रभारी ने बताया परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई और कोई नकल करता नहीं पाया गया।