अमर उजाला ब्यूरो
शामली/ऊन। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। शामली और ऊन तहसीलों में एसडीएम ने फरियादियों की शिकायतों को सुनकर निस्तारण किया।
शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में एसडीएम सदर प्रशांत भारती की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। बाबरी क्षेत्र के हिरनवाड़ा निवासी राज सिंह ने पौधरोपण के पट्टे पर अवैध रूप से कब्जा करने, कांधला क्षेत्र के गांव ताहरपुर भभीसा निवासी टीनू जावला, प्रवीन कुमार, अमरेशपाल ने ग्राम सचिव पर सरकारी योजनाओं के नाम पर अवैध वसूली करने, बाबरी गांव के राजन ने तालाब पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की है। थानाभवन क्षेत्र के गांव कुतुबगढ़ निवासी पुुरुषोत्तम कुमार ने राशन डीलर पर गड़बड़ी करने, गढ़ीपुख्ता निवासी रणकुमार ने आवारा पशुओं से फसलों को बचाने की गुहार लगाई है। इस अवसर पर एसडीएम ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान 50 से ज्यादा शिकायतें प्राप्त हुई। सीओ सिटी अशोक कुमार, तहसीलदार अभय राज पांडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उधर, ऊन तहसील में एसडीएम केपी तोमर की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 54 शिकायतें आई। तीन शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। राजस्व विभाग की 24, विकास विभाग की 12, पुलिस विभाग की नौ, विद्युत निगम की चार, डूडा की एक शिकायत शामिल रही। इस मौके पर एएसपी अजय प्रताप सिंह, तहसीलदार चंद्रकांता समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।