कैराना। शुक्रवार को रमजान माह के दूसरे जुमे की नमाज नगर की प्राचीन जामा मस्जिद में शाही इमाम मौलाना ताहिर हसन ने अकीदतमंदों को अदा कराई। इससे पूर्व मौलाना ताहिर ने कहा कि रोजा तमाम बुराइयों से बचाने की ढाल है। रमजान शरीफ में प्रत्येक मुस्लिम को अपने गुनाहों की तौबा कर नेक राह अख्तियार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रोजा केवल मुंह का ही नहीं, बल्कि आंखों का भी होता है। इसलिए कि आंखों को बुरी नजर से बचाया जा सके। चुगलखोरी हमारे अंदर से ईमान को कमजोर कर देती है, जिससे हमें किनारा करना है। जामा मस्जिद के अलावा नगर की मस्जिद ईदगाह वाली, सराय वाली, धोला पीर वाली, बीबो वाली (अड्डे वाली), इब्राहिम पुरा वाली, टोली वाली, एमपी वाली, नवाब तालाब वाली, शाहजी वाली, दरबार वाली, शहीद ताज खां वाली, गुली वाली, पीपलो वाली, खजूरों वाली, हसनी वाली एवं मक्की मस्जिद में नमाज अदा की गई। वहीं, पानीपत रोड पर स्थित मदरसा इशातुल इस्लाम में भी मस्जिद में मुसलमानों ने नमाज अदा की। इनके अलावा क्षेत्र के ग्राम नंगलाराई, मोहम्मदपुर राई, भूरा, गंदराऊ, इस्सोपुर खुरगान, गोगवान, रामडा, पंजीठ, तितरवाडा आदि गांवों में भी अकीदतमंदों ने जुमे की नमाज अदा कर विश्व शांति, राष्ट्र एकता, अखंडता, उन्नति, प्रेम-भाईचारा, खुशहाली व बारिश आदि के लिए दुआ की।