शामली।
जिले के संग्रह अमीनों ने 11 सूत्री मांगों को लेकर तहसील में धरना दिया। एसडीएम को ज्ञापन देकर मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को शामली तहसील में उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ शामली शाखा के अध्यक्ष के नेतृत्व में संग्रह अमीनों ने 11 सूत्री मांगों को लेकर धरना दिया। राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव के नाम 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन एसडीएम सदर सुरजीत सिंह को सौंपा। बताया कि अमीनों ने सामयिक सेेवाओं को जोड़कर अन्य लाभ दिए जाने संबंधी व्यवस्था सेवा नियमावली में किए जाने, संवर्ग ग्रेड वेतन 2000 से बढ़ाकर 5200- 20200 ग्रेड वेतन 2800 स्वीकृत किए जाने, राजस्व संहिता 2006 के प्रावधानों के दृष्टिगत वर्तमान परिस्थिति के अनुसार मानक का प्रावधान समाप्त किए जाने, वसूली के नाम पर संग्रह अमीनों का उत्पीड़न रोके जाने, पात्र संवर्ग सदस्यों को पात्रता की तिथि से द्वितीय प्रोन्नति वेतनमान का लाभ प्रदान किए जाने, संवर्ग की पदोन्नति व्यवस्था पूर्व की भांति नायब तहसीलदार के पद पर बहाल किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में संवर्ग की शैक्षिक योग्यता स्नातक किए जाने, नियत यात्रा भत्ता के स्थान पर बाइक भत्ता स्वीकृत किए जाने, संवर्ग का पद परिवर्तित करके राजस्व संग्रह अधिकारी किए जाने, संवर्गीय सदस्यों के लिए प्रतिभूति का प्रावधान समाप्त किए जाने, एसडीएम स्तर पर मासिक एवं डीएम स्तर पर त्रैमासिक बैठक संघ के साथ अनिवार्य रूप से किए जाने की मांग की है।