कैराना। उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने मार्निंग रेड अभियान चलाकर 25 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। इसके साथ ही 124 बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काटने के साथ ही 14 लाख रुपये का बकाया भी जमा किया गया।
बृहस्पतिवार की सुबह उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश बेदी के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने मोहल्ला अंसारियान व अफगानान में अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मीटर से पहले विद्युत केबिल में कट लगाकर विद्युत चोरी कर रहे 25 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। इसके अलावा 5 हजार रुपये से ऊपर के करीब 124 बकाएदारों के कनेक्शन भी काटे गए। अलग-अलग स्थानों से 14 लाख रुपये का विद्युत विभाग का बकाया भी वसूल किया गया। उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश बेदी ने बताया कि विद्युत चोरों व बकाएदारों के खिलाफ विद्युत विभाग लगातार अभियान चला रहा है। बिजली चोरी करने वाले के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा दी गई हैं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। संवाद