कैराना। आपूर्ति निरीक्षक ने गांव इस्सोपुर खुरगान में उचित दर की दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक में 236 कुंतल गेहूं और चावल कम मिला। मामले में आपूर्ति निरीक्षक ने राशन की कालाबाजारी के आरोप में उचित दर विक्रेता तथा अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आपूर्ति निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र के गांव इस्सोपुर खुरगान में स्वयं सहायता समूह की संचालिका अफसाना के नाम उचित दर की दुकान हैं। उनके द्वारा सोमवार को गांव में पहुंचकर उचित दर की दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान राशन वितरण के रजिस्टर एवं स्टॉक में राशन की जांच की गई। वहां रजिस्टर नहीं पाया गया। आपूर्ति निरीक्षक के अनुसार, जांच के दौरान 12.18 कुंतल गेहूं व 224.31 कुंतल चावल भी स्टॉक से गायब मिला। आशंका है कि संभवतः राशन को कालाबाजारी में बेच दिया गया। इसमें कुछ अन्य लोगों की भी संलिप्तता मानी जा रही है।
मामले के संबंध में उनके द्वारा डीएम को अवगत कराया गया। डीएम के अनुमोदन के उपरांत उचित दर विक्रेता अफसाना तथा अज्ञात के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।