थानाभवन। तेज गति से आ रही रोडवेज बस का अचानक शीशा टूटने से बगल से जा रहे बाइक सवार बाल-बाल बच गए। घटना से गुस्साए लोगों ने बस को रोककर हंगामा किया।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे गंगोह डिपो की एक रोडवेज बस गंगोह से शामली जा रही थी। लोगों का आरोप है कि चालक ने बस को सड़क में गड्ढे होने के बावजूद 70 किमी प्रतिघंटा से भी अधिक स्पीड से चला रखा था। बस जैसे ही थानाभवन से करीब आधा किमी पीछे पहुंची तो अचानक से बस के आगे का एक शीशा टूट गया। इस दौरान बस के बराबर से बाइक पर जा रहे हसनपुर लुहारी गांव निवासी सुमित कुमार के ऊपर शीशा गिर गया। जिसके बाद भी चालक ने बस को दौड़ा दिया। इससे गुस्साए लोगों ने बस का पीछा किया और कस्बे के चरथावल बस स्टैंड पर बस को रुकवाकर हंगामा कर दिया। बाद में बस चालक द्वारा माफी मांगने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।