कैराना। कस्बा में रोडवेज बस स्टैंड स्थापना की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने जनसुनवाई पोर्टल पर यह समस्या दर्ज कराई और बस स्टैंड स्थापना की मांग की।
शमून उस्मानी, आकिब, फरमान सिद्दीकी आदि ने जनसुनवाई पोर्टल पर बस स्टैंड की स्थापना नहीं होने से उत्पन्न समस्या से शासन को अवगत कराया था तथा बस स्टैंड स्थापना की मांग की थी। इसके संदर्भ में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों की तरफ से जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है। उसमें कहा है कि कैराना के लोगों के प्रस्ताव के अनुरूप कांधला तिराहे पर लोक निर्माण विभाग की खाली पड़ी भूमि को हस्तांतरित किए जाने पर बस स्टैंड की स्थापना की जा सकती है। उक्त भूमि का पूर्व में एआरएम शामली मनोज कुमार वाजपेयी निरीक्षण भी कर चुके हैं। उधर, परिवहन निगम के पत्र से अवगत हुआ है कि कैराना में निगम की ओर से वर्तमान में एक सरकारी कर्मी की ड्यूटी लगाई है, जिस पर दूसरे डिपो से आने वाली बसों के आगमन/प्रस्थान को सुचारू एवं सामयिक करने हेतु तथा यात्रियों को बस सुविधा का लाभ दिलाने की जिम्मेदारी है। लेकिन वास्तविकता यही है कि यहां पर कोई भी कर्मी तैनात नहीं है। यात्रियों को बस सेवा का लाभ भी ठीक प्रकार से नहीं मिल पा रहा है।