शामली। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई जाएगी। इस कार्य के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर की डिमांड भेजी थी, जिसे शासन स्तर से अनुमति मिल गई है। सीएम योगी ने कहा था कि श्रद्धालु कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी कराई जाएगी। इसी के चलते शामली से भी जिला प्रशासन और पुलिस ने हेलीकॉप्टर की डिमांड भेजी थी। ताकि श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कराई जा सके। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि शासन स्तर से हेलीकॉप्टर की अनुमति मिल गई है। पांच अगस्त से आठ अगस्त के बीच हेलीकॉप्टर मिलेगा, जिससे श्रद्धालु कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कराई जाएगी। इन तीन दिन के बीच दो-दो घंटे के लिए हेलीकॉप्टर मिलेगा। पुलिस प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने को लेकर तैयारियां शुरू करा दी हैं।