शामली। शामली राइफल क्लब पर स्वर्गीय वेदपाल सिंह की स्मृति में एक दिवसीय निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रविवार को झिंझाना रोड स्थित शामली राइफल क्लब पर एक दिवसीय निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पढ़ाई के साथ खेलों की ओर अधिक ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी से अपना लक्ष्य निर्धारित करते हुए ही आगे बढ़ने के लिए कहा। प्रतियोगिता में एयर राइफल वर्ग में गौरव चौहान ने 600 अंकों में से 582 अंक पाकर प्रथम स्थान पाया। कपिल मलिक 600 अंकों में से 577 अंक पाकर द्वितीय स्थान पर रहा। एयर पिस्टल वर्ग में अक्षय कुमार ने 600 में से 570 अंक पाकर प्रथम स्थान पर रहा जबकि हिमांशु ने 550 अंक के साथ द्वितीय एवं हरविजय सिंह 547 अंक पाकर तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को नायब तहसीलदार सुरेंद्र और क्लब अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने पुरस्कृत किया। इस दौरान तपन मलिक, सोनल तोमर, शिवम तोमर, रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।