बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई
अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। प्राथमिक विद्यालय डांगरौल में आयोजित दो दिवसीय ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
बुधवार को आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम कैराना डॉ अमित पाल शर्मा व तहसीलदार रणवीर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान एसडीएम ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने बच्चों से अपने घर व आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने बच्चों को जीवन में पढ़ाई का महत्व समझाया। साथ ही प्राथमिक स्कूल में दी जा रही अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा पर उन्होंने कहा कि इसी तरह की पहल से प्राइवेट स्कूलों पर अंकुश लगाया जा सकता है। इससे आम आदमी की सोच में भी परिवर्तन होगा। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ बिजेंद्र बालियान, जिला व्यायाम अधिकारी सचिन कुमार, मास्टर हरेंद्र, राजन जावला, सोमपाल, अविंद्र, अजय, अमित, सलेकचंद आदि मौजूद रहे।