थानाभवन (ब्यूरो)। गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि जिले की 69 सड़कों का निर्माण 10 करोड़ 86 लाख रुपये में होगा। साथ ही गेस्ट हाउस और बारातघर का शिलान्यास दिसंबर माह में ही कर दिया जाएगा। शनिवार को कस्बा थानाभवन में राणा फार्म हाउस पर राज्य मंत्री सुरेश राणा ने जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनी। समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की। इस दौरान राज्य मंत्री ने बताया कि जिले में विकास कार्यों पर तेजी से कार्य होगा। उसमें गन्ना विभाग और लोक निर्माण विभाग की 69 सड़कों का निर्माण दस करोड़ 86 लाख रुपये से कराया जा रहा है। थानाभवन में ऊन लिंक मार्ग का निर्माण इस सप्ताह पूरा करा दिया जाएगा।