कांधला। एलम निवासी अनिल की पत्नी सुदेश (32) को कई दिन से बुखार था। परिवार के लोगों के अनुसार उसका उपचार शामली के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा था, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो पाया। इस पर डाक्टरों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। परिवार के लोगों के अनुसार बीच रास्ते में महिला की मौत हो गई। उसका शव गांव में आने के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। इस बीच किसी ने डायल-100 पर सूचना दे दी कि महिला की ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर दी। इसकी सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तो सूचना गलत पाई गई। मामले की सूचना झूठी पाए जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। परिवार के लोगों ने शाम के समय गमगीन माहौल में महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस हादसे से परिवार के लोगों में मातम पसरा है।