उच्च प्राथमिक स्कूल बंतीखेड़ा की टीम बनी हाकी की विजेता
शामली। खेल दिवस पर जूनियर हाकी प्रतियोगिता में गांव बंतीखेड़ा के उच्च प्राथमिक स्कूल की टीम विजेता बनी।
बुधवार को हर वर्ष की तरह खेल निदेशालय लखनऊ के निर्देश पर हाकी जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को खेल दिवस के रूप में मनाया गया। शहीद उधम सिंह स्टेडियम में जनपद के विभिन्न स्कूलों की छह टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर पप्पू मलिक कुड़ाना ने किया। उन्होंने सभी टीमों से परिचय करते हुए मेहनत व लगन से खेलते हुए आगे बढ़ने के लिए खिलाड़ियों को प्रेरित किया। प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मैच होली चाईल्ड जूनियर हाईस्कूल लपराना और उच्च प्राथमिक स्कूल बंतीखेडा के बीच हुआ। कड़े संघर्ष के बाद बंतीखेड़ा स्कूल ने लपराना को 4-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मैच किसान इंटर कॉलेज शामली और देवी भगवानी स्कूल बंतीखेड़ा के बीच खेला गया। किसान इंटर कॉलेज को बंतीखेड़ा ने 2-1 से हरा दिया। फाइनल मुकाबला उच्च प्राथमिक स्कूल बंतीखेड़ा और देवी भगवानी स्कूल बंतीखेड़ा के बीच हुआ। उच्च प्राथमिक स्कूल बंतीखेड़ा ने देवी भगवानी स्कूल बंतीखेड़ा को 3-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। क्षेत्रीय विकास खंड अधिकारी एमएस तोमर ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान कबड्डी कोच संजीव कुमार, कुश्ती कोच प्रदीप कुमार, वुशू कोच रुकसाना, पिंटू पहलवान, सतेंद्र फोजी, सुधीर, सचिन आदि मौजूद रहे।