राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप
शामली।
कांधला क्षेत्र के गांव मलकपुर में समय पर राशन का वितरण नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन वितरण में धांधली की जा रही है, जिसकी जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। सोमवार को गांव मलकपुर निवासी आरिफ, गय्यूर, माजिद, नौशाद, शेरजमा, इरशाद और इस्लाम आदि कलक्ट्रेट में पहुंचे। अपर जिलाधिकारी केबी सिंह को शिकायत पत्र देकर बताया कि गांव का राशन डीलर सोहन कुमार गांव के ही नासिर से राशन वितरण का कार्य करा रहा है। आरोप है कि नासिर ग्रामीणों को राशन नहीं देता है, बल्कि अभद्र व्यवहार करता है। आरोप है कि मई माह में उपभोक्ताओं को राशन का वितरण नहीं किया गया। इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराई जानी चाहिए। अपर जिलाधिकारी केबी सिंह ने मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया है।