शामली। जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों को टीके लगाने के लिए चलाए गए विशेष टीकाकरण पखवाड़े में 17998 बच्चों को टीके लगाए गए।
शासन ने नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों को शत-प्रतिशत टीके लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पांच साल तक के टीके से वंचित 17281 बच्चों को चिन्हित किया गया था। शासन के निर्देश पर बच्चों को टीके लगाने के लिए जिले में नौ जनवरी से 20 जनवरी तक विशेष टीकाकरण पखवाड़ा चलाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि टीकाकरण पखवाड़ा में 17998 बच्चों को टीके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण पखवाड़ा अभियान फरवरी व मार्च माह में 13 तारीख से चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से पांच साल तक के बच्चों को समय पर नियमित टीकाकरण कराने का अनुरोध किया।
71 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
शामली। कोरोना से बचाव के लिए चल रहे कोरोनारोधी टीकाकरण में शुक्रवार को 71 लोगों ने टीके लगवाए। तीन माह बाद बृहस्पतिवार से जिला अस्पताल और सभी सीएचसी पर कोविशील्ड की दूसरी डोज और सतर्कता डोज के टीके लगाने की शुरूआत हुई। इस दिन 63 लोगों को कोरोनारोधी टीके लगे। दूसरे दिन शुक्रवार को भी बूथों पर टीका लगवाने वाले कम संख्या में पहुंचे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि शुक्रवार को नौ लोगों को पहली डोज का टीका, 16 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगा है जबकि 46 लोगों को सतर्कता डोज का टीका लगा है।