अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति के लिए जमीयत उलमा-ए-हिंद के प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम से मुलाकात की।
सोमवार को जमीयत उलमा-ए-हिंद के जिला महासचिव मौलाना तहसीन की अगुवाई में जमीयत के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कैराना से मिले। कहा कि धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति के लिए उन्हें प्रशासन के सहयोग की आवश्यकता है। कहा कि एक वर्ष पूर्व जब जमीयत उलमा-ए-हिंद ने लाडस्पीकर की अनुमति के लिए आवेदनपत्रों को यहां जमा कराया, तो कुछ अधिकारी छुट्टी लेकर चले गए थे, तो कुछ ने इतनी अनुमति करने से इंकार कर दिया था। जमीयत कार्यकर्ता तहसील क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के आवेदनपत्र खुद एकत्रित कर लेगी और उन्हें अनुमति के लिए प्रशासन तक पहुंचाएगी। आगे अनुमति बढ़ाने संबंधी आवेदनपत्र जमा कराने के लिए उन्होंने कुछ समय मांगा। एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण करने के लिए अनुमति दी जा रही है। एक धर्मस्थल पर एक ही लाउडस्पीकर बजेगा। उन्होंने जमीयत को एक सप्ताह में तमाम धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर की अनुमति लेने का समय दिया है। इस दौरान जमीयत के जिला कन्वीनर मौलाना वासिल अलहसनी, नगर अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद उमर, मौलाना इमरान, मौलाना अफसर मजाहिरी, मौलाना इलियास, मौलाना अब्दुल्लाह, मौलाना मुंशाद आदि मौजूद रहे।