शामली। परंपरागत ताजियों के मातम का जुलूस, गणेश चतुर्थी महोत्सव आदि पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई। डीएम ने कहा कि त्यौहारों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तरफ से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को गणेश महोत्सव, मोहर्रम के त्यौहार के मद्देनजर शांति समिति की बैठक हुई। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि मोहर्रम के दौरान धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों, भीड़ भाड़ वाले स्थानों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता एवं विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा करना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय पानी और सफाई के साथ चूने के छिड़काव की सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था करेंगे। जुलूस के दौरान लाउडस्पीकर बजाने के लिए अनुमति संबंधित मजिस्ट्रेट से लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि नए स्थानों पर जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिया और सुन्नी समुदायों के जुलूस आमने सामने न आने पाए। नगर पालिका, बिजली एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपनी ड्यूटी को जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। एसपी दिनेश कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों से अपनी ड्यूटी को जिम्मेदारी के निर्वहन करने का आह्वान किया। वहीं, अफवाहों पर ध्यान न देकर शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से कोई व्यक्ति गलत बात प्रचारित करता है तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्यवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के साथ-साथ एडमीन पर भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एडीएम केबी सिंह, एसडीएम कैराना सुरजीत सिंह, एसडीएम ऊन केपी तोमर सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।