शामली। राष्ट्रीय सैनी समाज एकता संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय कुमार सैनी ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को ज्ञापन भेजकर मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन के सबंध में अवगत कराया कि यह मांग डेढ़ दशक पुुुरानी है। वर्ष 2016-17 के रेल बजट में मेरठ-पानीपत रेलवे परियोजना के लिए 2200 करोड़ रुपये का बजट का प्राविधान किया गया था। हरियाणा के पानीपत से शुरू होकर वेस्ट यूपी के मेरठ को जोड़ने वाली नई रेलवे लाइन को वर्ष 2021-22 को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। किंतु सालों से प्रस्तावित इस रेलवे परियोजना की लागत बढ़ती जा रही है। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 1999 में परियोजना की लागत 275 करोड़ रुपये, वर्ष 2008 में परियोजना की लागत 635.5 करोड़ रुपये, वर्ष 2010 में 947 .86 करोड़ रुपये पहुंच गई। वर्ष 2016 में इस रेलवे परियोजना की लागत 2200 करोड़ रुपये पहुंच गई। ज्ञापन में यह कहा गया कि जुलाई 2016 की सर्वे रिपोर्ट के अनुुसार इस रेल परियोजना को पूरा करने के लिए वर्ष 2021-22 का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। 473 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। बजट घोषित हुए तीन साल साल बीत गए है, यह रेलवे परियोजना अभी धरातल पर नहीं आ पाई हैं। दो प्रदेशों के लिए लाभकारी मेेरठ- पानीपत नई रेलवे लाइन को शीघ्र धरातल पर लाने की मांग की है।