आज से होगा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। नगर और देहात क्षेत्र में किसानों को अब पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं का प्रभाव झेलना पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी भी होने की संभावना हैं। सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डाक्टर यूपी शाही ने बताया कि दस मई से 13 मई तक पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के चलने से धूल भरी आंधी, बिजली गर्जना के साथ साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 10, 11, 12, 13 मई तक पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती गरम हवाओं से दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी यूपी के जिले प्रभावित होंगे। धूल भरी आंधी, बूंदाबांदी का असर शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। हालांकि दिन और रात का अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। जिसके चलते भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।