शामली। सत्यनारायण इंटर कॉलेज के चार छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया। सभी खिलाड़ी अब आठ सितंबर को सहारनपुर में होने वाली मंडल स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। छह सितंबर को राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज झिंझाना में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता हुई थी। इसमें सत्यनारायण इंटर कॉलेज शामली के छात्र विक्की पांचाल, सार्थक काकरान, दीपांशु गर्ग और बालिका वर्ग में साइमा ने अच्छा प्रदर्शन किया है। खेल शिक्षक फूल कुमार ने बताया कि अब चारों चयनित खिलाड़ी आठ सितंबर को सहारनपुर के एसडी इंटर कॉलेज में होने वाली मंडल स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपना दम दिखाएंगे। शुक्रवार को कॉलेज पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों को अध्यक्ष ब्रजभूषण, प्रबंधक अनुज तायल, कोषाध्यक्ष राकेश गर्ग व प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बधाई देते हुए पुरस्कृत किया। सभी को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए आशीर्वाद दिया। इस दौरान रामनाथ, शिवकुमार, अक्षय जिंदल, अश्वनी कुमार, सतीश आत्रेय आदि रहे।