कैराना। कांधला थाना क्षेत्र के गांव डुंडूखेड़ा निवासी मदन विद्युत निगम में संविदा कर्मी लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। वह वर्तमान में कैराना क्षेत्र में तैनात है। शनिवार की शाम शामली रोड स्थित पुराना बिजलीघर कैराना देहात से मदन ने ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए शट डाउन लिया। इसके बाद मदन ट्रांसफार्मर ठीक करने लगा। तो उसे करंट का तेज झटका लगा, जिसमें वह बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में विभागीय कर्मियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक बताते हुए उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया है। संविदा कर्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, बिजलीघर के प्रभारी राकेश कुमार ने मामले के संबंध में कोतवाली कैराना में तहरीर दी कि उक्त संविदा कर्मी लाइनमैन ने बिजलीघर से शटडाउन लिया था, जिसके बाद बिजलीघर पर तैनात कर्मी ने ट्रिप कर दी, लेकिन लाइन नहीं कटी। इस कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।